Thursday, May 16, 2024
उत्तराखंड

पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को मिले उचित सम्मान : नवीन कौशिक

 

हरिद्वार

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता नवीन कौशिक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कर्मठ ईमानदार व पार्टी के प्रति समर्पित भावना से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। लंबे अर्से से पार्टी की रीति नीतियों को जन जन तक पहुंचाने में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निर्णायक भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक है। कर्मठ व समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। शीर्ष नेताओं को पार्टी के कार्यकर्ताओं की सुध लेनी चाहिए। नवीन कौशिक ने यह भी कहा कि पार्टी में सम्मिलित हुए कुछ कार्यकर्ता वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे हैं। जिससे पार्टी को नुकसान पहुंचने की पूरी संभावनाएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि लंबे अर्से से आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही विधानसभा चुनाव में जीत प्राप्त की जा सकती है। नवीन कौशिक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुछ कार्यकर्ता मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए। जिससे पार्टी को गति भी मिलेगी। आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता पूरे प्रदेश में है। आगामी विधानसभा चुनाव में निश्चिततौर पर आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बनाएगी। केंद्र की जनविरोधी नीतियों से देश की जनता आजिज आ चुकी है। महंगाई से आमजन त्रस्त है। गैस के दामों पर किसी प्रकार का कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को रानीपुर विधानसभा के कर्मठ व समर्पित भावना से काम करने वाले कार्यकर्ताओं की सुध लेनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *