Friday, May 3, 2024
उत्तराखंड

प्रत्येक मोर्चे पर विफल भाजपा सरकार की सत्ता से विदाई तय : धीरेंद्र प्रताप

हरिद्वार

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक मोर्चे पर विफल साबित हुई भाजपा की सत्ता से विदाई तय है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि विशेषज्ञों द्वारा कोविड की तीसरी लहर आने की आशंका जताए जाने के बावजूद राज्य में वैक्सीनेशन की गति अत्यन्त धीमी है। सरकार टीका लगाने के लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध कराने मे पूरी तरह नाकाम सबित हो रही है। रोजगार के मोर्चे पर भी सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई है। भाजपा शासन में उत्तराखण्ड बेरोजगारी के मामले मे देश में पहले नंबर पर और भ्रष्टाचार के मामले में दूसरे नंबर पर है। राज्य का आर्थिक ढांचा पूरी तरह चरमरा गया है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है। भाजपा ने पिछले सात महीने में तीन मुख्यमंत्री बदल दिए। लेकिन राज्य के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए कोई नीति नहीं बना पायी। सरकार ब्यूरोक्रेसी का मनोबल तोडऩे का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में तबादले को उद्योग बना दिया गया है। राज्य के किसान भी सडक़ों पर हैं। मजदूरों और कर्मचारियों की स्थिति भी शोचनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने राज्य को तीर्थाटन, उद्योग और कृषि क्षेत्र में नए आयाम दिए। भाजपा सरकार में स्थिति यह हो गयी है कि राज्य के प्रमुख उद्योग केंद्र रूद्रपुर, हरिद्वार और तमाम स्थानों से लोग अपने उद्योग धंधे छोड़ छोड़ कर यहां से पलायन कर रहे हैं। महिलाओं का सम्मान खतरे में है। भाजपा के विधायकों पर ही महिलाओं का उत्पीडऩ करने के आरोप लग रहे हैं। लेकिन भाजपा सरकार विधायकों पर कोई कार्रवाई करने के बजाए उन्हें संरखा दे रही है। उन्होंने कहा जिन आंदोलनकारियों की बदौलत राज्य वजूद में आया सरकार उनकी भी सुध लेने के लिए तैयार नहीं है। आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत आरक्षण, हजारों आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण, गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने, आंदोलनकारी आश्रितों को पेंशन, लोकायुक्त की नियुक्ति जैसे सवालों पर सरकार कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर 8 अगस्त को अगस्त क्रांति दिवस की पूर्व संध्या पर सरकार को जगाने के लिए हजारों राज्य आंदोलनकारी देहरादून में प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस आउटरीच कमेटी के सदस्य संजीव चौधरी ने कहा कि राज्य के हालात बिगड़ते जा रहे हैं और परेशान जनता चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि तमाम वादे कर सत्ता में आयी भाजपा की डबल इंजन सरकार एक भी वादा पूरा नहीं कर पायी। सरकार की नीतियों के चलते समाज का प्रत्येक वर्ग परेशान हैं। जनविरोधी भाजपा सरकार को जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। प्रैसवार्ता में चिन्हित राज्य आंदोलकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय प्रवक्ता विजय भंडारी, नगर अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी, सरोजनी जोशी, कमला नेगी, बीना कपूर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *