Wednesday, May 8, 2024
उत्तराखंड

चेहरा बदलने से माफ नहीं होंगे भाजपा के कारनामे: प्रीतम सिंह

देहरादून 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा के नए मुख्यमंत्री, नए प्रदेश अध्यक्ष और नए मंत्रिमंडल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चेहरा बदलने से भाजपा और उसकी सरकार के कारनामों को माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने चुटकी लेते हुए ये भी कहा कि भाजपा को प्रदेशों में कांग्रेस व विपक्षी दलों की सरकार गिराने की आदत है। इसी आदत की वजह से भाजपा ने उत्तराखंड में अपनी सरकार गिरा दी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों से जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी से त्रहि-त्रहि कर रही जनता को देवस्थानम बोर्ड और जिला विकास प्राधिकरण जैसे फैसलों से पीड़ा पहुंचाई गई है। सरकार ने बगैर विचार किए ही गैरसैंण कमिश्नरी का गठन कर दिया। इससे जनता में रोष है। मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई के हाईकोर्ट के आदेश का पालन राज्य सरकार ने नहीं किया।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति की असलियत जाहिर हो चुकी है। चमोली में दैवीय आपदा के दौरान प्रबंधन नदारद रहा है। भाजपा ने 2017 के चुनाव के दौरान जनता से किए वायदों को पूरा नहीं किया है। न युवाओं को रोजगार मिला और न ही किसानों के कर्ज माफ किए गए। ऐसे में मुख्यमंत्री या भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को बदलकर जनता को बरगलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस सरकार की पोल खोलना जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *