Tuesday, May 7, 2024
ट्रैंडिंग न्यूज़

टिकरी बॉर्डर पर किसान ने देशवासियों के नाम पत्र लिखकर खाया जहर, देर रात हुई मौत

झज्जर –

टिकरी बॉर्डर पर मंगलवार दिन एक किसान जयभगवान ने जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत दिल्ली के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात ढाई बजे के करीब उनकी मौत हो गई। किसान ने जहर निगलने के बाद खुद ही धरना स्थल पर मौजूद लोगों को जहर खाने की जानकारी दी थी। किसानों की मांग पूरी न होने से जयभगवान नाराज थे। जयभगवान पिछले कई दिनों से किसान आंदोलन में सेवा कर रहे थे। किसान जयभगवान की उम्र 42 साल थी। जहर खाने से पहले उसने देशवासियों के नाम एक पत्र लिखा। किसान ने पत्र में लिखा कि न किसान मान रहे न सरकार। उसने सरकार को कृषि कानूनों के समाधान का भी रास्ता लिखा। उसने लिखा कि हर राज्य से दो-दो किसान नेता बुलाओ, अगर अधिकतर विरोध करें तो सरकार कानूनों को रद्द करें।

किसानों नेताओं को सुझाव देते हुए किसान ने लिखा कि अगर कृषि कानून के पक्ष में ज्यादा लोग हों तो आंदोलन को खत्म कर दिया जाना चाहिए। किसान ने अंत में लिखा कि मेरे भारत की पहचान, मजबूत जवान, मेहनती किसान, ईमानदार इंसान की है। मृतक किसान पाकस्मा गांव का रहने वाला था। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते भी टिकरी बॉर्डर पर एक किसान ने आत्महत्या की थी। किसान की पहचान नसीब सिंह के रूप में हुई थी, जो पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले थे। इससे पहले सोमवार को एक किसान ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उल्लेखनीय है कि लगभग दो महीने से जारी आंदोलन में अब तक कई किसान अपनी जान दे चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *