Wednesday, May 1, 2024
उत्तराखंडट्रैंडिंग न्यूज़प्रदेश की खबरें

राज्यसभा में सबसे मजबूत भाजपा, सबसे नीचे कांग्रेस

देहरादून 

नौ सीटों पर जीत के साथ राज्यसभा में भाजपा और मजबूत हो गई है। उच्च सदन में पार्टी की सदस्य संख्या 92 पर पहुंच गई है। इसी के साथ भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के खाते में कुल 104 सीटें हो गई हैं। दूसरी ओर, देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस उच्च सदन में अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। दो और सीटें गंवाकर कांग्रेस की सदस्य संख्या 38 रह गई है।

242 सदस्यीय उच्च सदन में उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए चुनाव हुआ है। सोमवार को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख बीतने के बाद सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने का एलान किया गया। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत भाजपा के नौ प्रत्याशी चुने गए हैं। इनमें तीन सीटें पहले से भाजपा के खाते में थीं और छह नई सीटें पार्टी की झोली में आई हैं। इन छह में से दो सीटें कांग्रेस और तीन समाजवादी पार्टी के खाते में थीं। बहुजन समाज पार्टी ने भी एक सीट गंवाई है।

उत्तर प्रदेश से चयनित लोगों में भाजपा के हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, अरुण सिंह, गीता शाक्य, हरिद्वार दुबे, बृजलाल, बीएल वर्मा और सीमा द्विवेदी शामिल हैं। समाजवादी पार्टी के रामगोपाल वर्मा और बसपा के रामजी गौतम भी निर्विरोध चुने गए। उत्तराखंड से भाजपा के नरेश बंसल को निर्विरोध चुना गया। सदस्यों का चयन 25 नवंबर, 2020 से 24 नवंबर, 2026 तक के लिए हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *