दोस्त ने कार में बैठी 3 साल की बच्ची से उसके पिता को मरवाई गोली
वॉशिंगटन —
अमेरिका के टेनेसी राज्य में एक शख्स पर 3 साल की बच्ची से उसके पिता को गोली मरवाने का आरोप लगा है। अदालत में कहा गया है कि 26 साल के एलांते जोन्स ने अपने दोस्त की 3 साल की बेटी के हाथों उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने जोन्स के पास से जो गन बरामद की है, वह गैरकानूनी थी। मामला टेनेसी के मेम्फिस शहर का है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार को रॉबर्ट कार से जा रहे थे। उनके बगल वाली सीट पर एक महिला बैठी थी, जबकि पीछे 3 साल की बेटी बैठी हुई थी। रास्ते में एक जगह से रॉबर्ट ने जोन्स को पिक किया। जोन्स कार में बच्ची के बगल में बैठ गए। उन्होंने अपनी गन निकालकर सीट पर रख दी।
पुलिस ने अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों और सर्विलांस फुटेज के आधार पर कहा इस दौरान खेल-खेल में बच्ची ने गन उठा ली। इधर-उधर घुमाने के बाद सामने की तरफ गोली चल गई। गोली सीधे रॉबर्ट को लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि, जोन्स ने पुलिस के सामने खुद को निर्दोष बताया।
जोन्स ने कहा कि दोस्त की मौत में उसका कोई हाथ नहीं है। यह एक हादसा है। उल्लेखनीय है कि मेम्फिस संयुक्त राज्य अमेरिका के टेनेसी राज्य का सबसे बड़ा नगर है। मिसिसिपि नदी पर इस नगर का एक विशाल बन्दरगाह स्थित है। यह नगर ब्ल्यूज संगीत और बारबिइक्यू के लिए भी जाना जाता है। मेम्फिस का नाम मिस्र के एक नगर मेम्फिस के नाम पर पड़ा है।