Friday, May 3, 2024
उत्तराखंडट्रैंडिंग न्यूज़प्रदेश की खबरें

विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में हो सकती है वापसी

देहरादून —
अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा से निष्कासित किए गए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की कल पार्टी में वापसी हो सकती है। भाजपा नेतृत्व सोमवार को इसका एलान कर सकता है। इसके अलावा झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी अभयदान मिल सकता है। उधर, पार्टी सूत्रों के अनुसार चैंपियन की वापसी को लेकर चल रही कसरत पर राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने नाराजगी जताई है।
लगातार विवादों में रहे विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भाजपा ने पिछले साल 18 जुलाई को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। गतदिनों पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में उनके मसले पर चर्चा की गई थी। इसके अलावा विधायक देशराज कर्णवाल, पूरण सिंह फर्त्याल व महेश नेगी के मसलों पर भी विचार-विमर्श हुआ था। कर्णवाल को पार्टी ने 28 जुलाई को अनुशासनहीन आचरण के आरोप में नोटिस जारी किया था, जिसका वह जवाब दे चुके हैं। विधायक फर्त्याल हाल में एक पुल निर्माण के मामले में असंतोष जाहिर करने की वजह से सुर्खियों में रहे थे। वहीं, विधायक महेश नेगी पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने चारों विधायकों को रविवार को देहरादून तलब किया था, मगर विधायक चैंपियन व कर्णवाल ही अपना पक्ष रखने पहुंचे। दोनों ने यमुना कॉलोनी स्थित निवास पर प्रदेश अध्यक्ष भगत से अलग-अलग मुलाकात कर अपनी सफाई पेश की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक दोनों विधायकों से बातचीत हो गई है। केंद्रीय नेतृत्व से इस बारे में चर्चा कर सोमवार तक निर्णय ले लिया जाएगा।
विधायक की घरवापसी पर सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि जब विधायक चैंपियन को निष्कासित किया गया, तब परिस्थितियां दूसरी थीं। अब परिस्थितियां बदली हैं। चैंपियन विद्वान हैं, पढ़े लिखे हैं। उनका उपयोग पार्टी संगठन के हित में हो सकता है। यदि उनकी वापसी होती है तो यह स्वागतयोग्य है। उधर, विधायक चैंपियन की पार्टी में वापसी की कसरत को लेकर विरोध के सुर भी उभर रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा सदस्य और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी इस कसरत से नाराज बताए जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि चैंपियन के मसले को वह केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष उठा सकते हैं। ऐसे में चैंपियन की वापसी का मसला टल भी सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *