Saturday, May 4, 2024
देश

किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक से पहले बकिंघम पैलेस के बाहर विस्फोट

किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक से महज चार दिन पहले ब्रिटेन की पुलिस ने शॉटगन के कारतूस फेंकने के बाद बकिंघम पैलेस के बाहर से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। लंदन पुलिस के मुताबिक कुछ घंटे पहले हुई इस घटना के बाद घेराबंदी की गई और नियंत्रित विस्फोट किया गया। बीबीसी ने लंदन पुलिस के हवाले से ये सूचना साझा की है। इस संदिग्ध व्यक्ति को आपत्तिजनक हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस वारदात में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना को फिलहाल आतंकवाद से संबंधित नहीं माना जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की तलाशी ली गई और एक चाकू मिला लेकिन उसके पास बंदूक नहीं थी। उसके पास एक संदिग्ध बैग भी पाया गया और विशेषज्ञों द्वारा आकलन के बाद एहतियात के तौर पर एक नियंत्रित विस्फोट किया गया। पुलिस अपनी शुरुआती जांच में इस पूरे वाकये को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी घटना मान रही है। मुख्य अधीक्षक जोसेफ मैकडॉनल्ड ने कहा, अधिकारियों ने उस व्यक्ति को हिरासत में लेने के लिए तुरंत काम किया और उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया। गोली चलने या अधिकारियों या जनता के सदस्यों के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। राजा और उनकी पत्नी, जो पास के क्लेरेंस हाउस में रहते हैं, गिरफ्तारी के समय बकिंघम पैलेस में नहीं थे।
किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक समारोह में दुनिया भर के नेता और अन्य राजघराने शामिल होंगे। राज्याभिषेक के लिए रात भर पूर्वाभ्यास भी योजना के अनुसार चला। इस बीच खबर है कि भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भारत सरकार की ओर से ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक समारोह में शामिल होने के लिए पांच और छह मई को लंदन दौरे पर रहेंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक संबंध हैं तथा दोनों देशों के बीच लोकतंत्र और कानून के शासन जैसे कई समान मूल्य हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *