Saturday, May 4, 2024
समाचारहोम

तेंदुए के हमलों में तीन बच्चों की मौत, प्रशासन तेंदुए को पकड़ने या खत्म करने की कोशिश में जुटा

श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में पिछले दिनों में तेंदुए के हमलों में तीन बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इलाके के लोगों को तेंदुए के खतरे से बचाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बारामूला के उपायुक्त (डीसी) सैयद सेहरिश असगर ने अधिकारियों को सभी उपलब्ध संसाधनों को जुटाकर तेंदुए को पकड़ने या खत्म करने का निर्देश दिया है।
असगर ने अपने कार्यालय में मामले से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान ये निर्देश जारी किया। जिससे आगे तेंदुए के किसी भी हमले की घटना को रोकने के लिए आदमखोर तेंदुए का शिकार करने के लिए तत्काल और जरूरी योजना बन सके। संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान में समन्वय और सामंजस्य से काम करने पर जोर देते हुए डीसी ने जरूरत पड़ने पर सेना और अर्धसैनिक बलों की मदद लेने का भी निर्देश दिया। डीसी असगर ने कहा कि यह सुनिश्चित करे कि आदमखोर तेंदुए को कम से कम समय में पकड़ा या मार दिया जाए।
आला अधिकारियों ने तेंदुए के शिकार के लिए सभी जरूरी अनुमति पहले ही दे दी है। डीसी असगर ने कहा कि इंसानों की जिंदगी की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए हर संभव कोशिश होगी। इसके साथ ही प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी करके आम लोगों को सलाह दी है कि सुरक्षा के मद्देनजर वे अपने बच्चों को बेवजह जंगलों में न जाने दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *