Monday, May 6, 2024
उत्तराखंड

पंचायत से उठकर गंगनहर में कूदी महिला

 

रुडकी

पंचायत से उठकर महिला रात के वक्त गंगनहर किनारे पहुंची और छलांग लगा दी। गंगनहर में डूबकर महिला लापता हो गई है। पुलिस और परिजन महिला की तलाश में लगे हैं। बताया जा रहा है कि महिला कुछ समय से मानसिक बीमार भी चल रही थी। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 32 साल की महिला का पति से काफी समय से मनमुटाव चला आ रहा था। दोनों में कई बार विवाद हो चुका था। शुक्रवार रात गांव में दंपति के विवाद को लेकर पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दंपति मौजूद थे। वहां दोनों के बीच विवाद बढ़ा। सुलह नहीं होने पर महिला पंचायत से उठ खड़ी हुई और सीधा गंगनहर की ओर भागना शुरू कर दिया। पीछे-पीछे ग्रामीण भी महिला के पीछे दौड़ पड़े और वह भी गंगनहर पहुंच गए। वहां उन्होंने महिला को पकडऩे का प्रयास किया। महिला का उन्होंने हाथ भी पकड़ लिया था। लेकिन सोलानी पार्क से आगे महिला ने गंगनहर में रात करीब साढ़े दस बजे के आसपास छलांग लगा दी। महिला के गंगनहर में छलांग लगाने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने शोर मचाकर लोगों को बुलाने का प्रयास किया। ताकि कोई महिला को गंगनहर से बाहर निकालने का प्रयास कर सके। लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई भी गंगनहर में कूदने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। मामला पुलिस तक पहुंचा। इंस्पेक्टर अमर चंद शर्मा ने बताया कि दंपति में मनमुटाव के चलते महिला के गंगनहर में कूदने की जानकारी मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *