Wednesday, May 1, 2024
उत्तराखंड

बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

हरिद्वार

लगातार बढ़ रहे पेट्रोल डीजल के दाम व आसमान छू रही महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष अंजू मिश्रा व राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान के नेतृत्व में रेलवे रोड़ स्थित सहगल पेट्रोल पंप के समीप धरना प्रदर्शन कर रोष जताया। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता में आयी मोदी सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल डीजल सहित तमाम चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। सरसों के तेल के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। पूंजीपतियों के हित साधने में जुटी सरकार को आम आदमी की परेशानियों से कोई मतलब नहीं रह गया है। महानगर अध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि लगातार बढ़ रही महिलाओं के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। जनता से अच्छे दिन लाने का वादा कर सत्ता में आए पीएम मोदी के राज में सरसों के तेल सहित तमाम खाद्य पदार्थो के दाम बढऩे से गरीब मजदूर वर्ग, मध्यम वर्ग के सामने परिवार के लिए भोजन जुटाना तक मुश्किल हो रहा है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते आम आदमी का जीवन बेहद कष्टदायक हो गया है। पेट्रोल व डीजल पर भारी भरकम टैक्स लगाए जाने से दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। सरकार जनता को लूट कर पूंजीपतियों का खजाना भर रही है। प्रदेश महासचिव शशि झा व सचिव नलिनी दीक्षित ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते रसोई गैस सिलेंडर भी आम जनता की पहुँच से दूर होता जा रहा है। 350 रु में मिलने वाला रसोई गैस सिलेंडर अब 850 रूपए में मिल रहा है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बीना कपूर व पुष्पा जोशी ने कहा कि सरकार पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के बढ़ाए गए दाम तत्काल वापस ले जिससे जनता को राहत मिल सके। प्रदर्शन करने वालो में लता जोशी, सुमन अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, ग्रेस कश्यप, सरिता शर्मा, मनजीत कौर, नीलम, रीता शर्मा, रितु गुप्ता, गीता जैन, प्रतिमा शर्मा, गीता जैन, शाहजहाँ, मुमताज, संजीत, आशा कोरी, रानी, हेमलता कोरी, प्रेमवती आदि कार्यकर्ता शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *