Tuesday, April 30, 2024
उत्तर प्रदेश

नगर निगम कर्मियों के खाते में पहुंचा वेतन

लखनऊ……..

हर दिन सुबह कर्मचारियों को बैंक से आने वाले मैसेज का इंतजार रहता था और दिन गुजरने के बाद निराशा ही हाथ लगती थी। सिर पर होली का पर्व और वेतन व पेंशन न मिलने से नगर निगम कर्मी परेशान थे। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को नगर निगम के कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरे पर रौनक दिख रही थी। फरवरी माह का वेतन व पेंशन कर्मचारियों के खाते में पहुंच गया। स्थानीय निकाय निदेशालय से राज्य वित्त आयोग का 26 करोड़ न मिल पाने से ही वेतन व पेंशन नहीं बंट रही थी। आयोग की राशि से ही हर माह वेतन का भुगतान होता है। यह रकम आते ही शाम को नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने वेतन, पेंशन, ग्रेच्युटी और सातवें वेतनमान के एरियर देने से जुड़ी प्रक्रिया को पूरी करते हुए चेक जारी कर दिए।
वेतन व पेंशन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने गुरुवार को काम बंद करने की चेतावनी दी थी। दोपहर में नगर निगम कर्मचारी नेता शशि कुमार मिश्र और कैसर रजा ने नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन से मुलाकात की थी। मंत्री ने नगर आयुक्त से वार्ता करने के साथ ही काम बंद न करने की अपील भी कर्मचारी नेताओं से की थी।
नगर निगम के मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी महामिलिंद लाल ने बताया कि कल सभी कर्मचारियों के खाते में वेतन व पेंशन पहुंच जाएगी। जिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और सातवें वेतनमान के एरियर के बिल आ गए हैं, उनका भी भुगतान कल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *