कश्मीर में सुरक्षा बलों के एनकाउंटर में 2 आतंकी ढेर
कश्मीर ———
जम्मू-कश्मीर से आतंकवादियों के सफाए के लिए सुरक्षा बल लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं। कल से शोपियां में सुरक्षा बल और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अब तक दो आतंकवादियों को मार दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने यह जानकारी दी है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। बता दें कि कल से ही यह ऑपरेशन जारी है। इसके अलावा आज ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नरवाल में दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद किया गया है। आतंकवादी संगठन श्द रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) के 2 आतंकवादियों को देर शाम को स्थानीय पुलिस ने यहां गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि आतंकवादियों के कब्जे से हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।
स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने काजीगुंड के चुरथ के रहने वाले रईस अहमद डार और कुलगाम के अश्मुजी के रहने वाले सबजार अहमद शेख को गिरफ्तार किया। ये दोनों एक कार से श्रीनगर जा रहे थे तभी नरवल बाइपास पर पुलिस ने उन्हें रोका और गिरफ्तार किया। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में पाकिस्तानी रेंजर्स ने बिना उकसावे के अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के निकट अग्रिम चैकियों पर गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को रात ९.३५ बजे पर हीरानगर सेक्टर की सतपाल सीमा चैकी पर आईबी के दूसरी तरफ से गोलीबारी की गई जिसका सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने माकूल जवाब दिया। दोनों तरफ से गोलीबारी शनिवार तड़के पौने तीन बजे तक जारी रही, लेकिन इस दौरान भारतीय पक्ष को किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। पुंछ जिले के दलहन में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से की गयी गोलीबारी में सेना के लिये सामान ढोने का काम करने वाले दो कुलियों- अलताफ हुसैन और मोहम्मद जैफ-के घायल होने के एक दिन बाद संघर्ष विराम उल्लंघन का यह नया मामला सामने आया है। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में सेना के कैंप में बैरक की दीवार गिरने से एक जेसीओ समेत दो सैन्यकर्मियों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य घायल हो गया।