दो बैगों में भर रखा था 30 किलो गांजा, नई दिल्ली स्टेशन पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली ———————
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की टीम ने एक शख्स को 30 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति का नाम सुखविंदर सिंह उर्फ चेतन है। टीम ने डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली लाए गए दो बैगों में छुपाकर रखा 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
27 नवंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर गश्त करने वाली टीम ने यात्रियों पर निगरानी रखने और प्लेटफार्मों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक व्यक्ति पर ध्यान दिया, जो टीटीई की वर्दी में नॉर्थ यार्ड में बेस किचन के पास दो बैग अपने कंधों पर लादे जा रहा था। उसकी असामान्य हरकतों ने गश्त करने वाली टीम को सतर्क कर दिया।
पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ गई, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिससे गश्त करने वाली टीम का संदेह बढ़ गया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग में 30 किलोग्राम गांजा पाया गया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ के दौरान, पता चला कि लॉकडाउन से पहले वह जींस ट्रेडिंग व्यवसाय में था। कोरोना संक्रमण की वजह से लॉकडाउन के दौरान वह एक ड्रग ट्रैफिकर के संपर्क में आया, आसानी से पैसे मिलने के कारण वह इस धंधे की ओर आकर्षित हुआ और ड्रग हैंडलर के रूप में काम करने लगा। इसकी आपूर्ति दिल्ली में की जानी थी।