Saturday, May 18, 2024
समाचार

नार्वे की राजकुमारी ने प्यार मे छोड़ी राजशाही

‘ये इश्क नहीं आसां इतना ही समझ लीजे, इक आग का दरिया है और डूब के जाना है’। जिगर मुरादाबादी की यह शायरी उन प्यार करने वालों पर फिट बैठती है, जो प्यार के लिए बड़ी कीमत चुकाने से भी पिछे नहीं हटते। समय-समय पर ऐसे मामले सामने आते रहते हैं। हाल ही में नॉर्वे के शाही परिवार से ही ऐसा मामला सामने आया है। इस बार यहां प्यार के लिए अपना सब कुछ छोड़ने वाली नॉर्वे की राजकुमारी मार्था लुईस हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्वे के शाही परिवार ने ऐलान किया कि राजकुमारी मार्था लुईस अपने आधिकारिक कर्तव्यों और शाही संरक्षण को छोड़ देंगी। वह ऐसा अपने प्यार के लिए करने जा रही हैं। राजकुमारी शाही परिवार से अपने सभी संबंधों को तोड़कर जादू के ताबीज बेचने वाले एक स्व-घोषित शामन (तांत्रिक) के साथ रहेंगी। इस तांत्रिक का नाम ड्यूरेक वेरेट है।
इस संबंध में एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए रॉयल कोर्ट ने कहा कि ‘मार्था लुईस अब “राजकुमारी” टाइटल का इस्तेमाल नहीं करेंगी। यही नहीं, वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट या बिजनेस में भी कहीं शाही परिवार का उल्लेख नहीं करेंगी। राजकुमारी मार्था वह सभी जिम्मेदारियां छोड़ देंगी जो उनके पास थी, अब इन्हें परिवार के अन्य सदस्य संभालेंगे।
बता दें कि राजकुमारी मार्था लुईस पहली बार नहीं, बल्कि इससे पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। वर्ष 2002 में उन्होंने दावा किया था कि वह एंजेल्स से बात कर सकती हैं।इसके बाद उन्होंने एक भविष्यवक्ता के रूप में काम करने का फैसला किया था। इस घोषणा की वजह से उन्हें अपना हर रॉयल हाईनेस खिताब गंवाना पड़ा था। अब एक बार फिर उनके फैसले ने उनसे एक और उपलब्धि छीन ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *