Sunday, May 19, 2024
उत्तराखंड

ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को घेरा

 

विकासनगर। अमलावा और सरला खड्ड के किनारे समय पर बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं कराए जाने से आक्रोशित लोगों ने साहिया बाजार में सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते दो साल से बाढ़ सुरक्षा कार्य अधूरे छोड़े गए हैं। सोमवार सुबह साहिया क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का स्थानीय लोगों ने घेराव किया। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें घेर कर नारेबाजी शुरू कर दी। घेराव करने वालों ने कहा कि हर साल अमलावा नदी उफान पर आती है, जिससे काफी नुकसान होता है। इसके साथ ही सरला खड्ड का उफान भी ग्रामीणों को बहुत नुकसान पहुंचाता है। बावजूद इसके बाढ़ सुरक्षा कार्य को लेकर सिंचाई विभाग लापरवाह बना हुआ है। बीते दो साल से अमलावा और सरला खड्ड पर बाढ़ सुरक्षा कार्य अधूरे छोड़े गए हैं। कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों से बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा करने की मांग की गई, लेकिन हर बार बजट की कमी का हवाला देकर निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र के लिए भी सिंचाई विभाग के पास बाढ़ सुरक्षा का बजट नहीं होना विभागीय अधिकारियों की आम जनता की सुरक्षा प्रति लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने जल्द बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा करने की मांग सिंचाई विभाग के अधिकारी से की है। घेराव करने वालों में सुरेश चौधरी, कपिल राय, प्रदीप चौहान, अर्जुन राठौर, सरदार सिंह, विरेंद्र लाल, दौलत सिंह, अमर सिंह आदि शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *