Thursday, May 16, 2024
देशराष्ट्रीयसमाचार

रूस में ‘वोस्तोक 2022’ सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेगा चीन

 

बीजिंग। चीन ने कहा कि उसके सैनिक रूस में इस महीने के अंत होने वाले ‘वोस्तोक 2022’ सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना भी शिरकत कर रही है। चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि चीनी और रूसी सेनाओं के बीच वार्षिक सहयोग योजना और दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के अनुसार, ‘चाइनीज पीपुल्स लिबरेशन आर्मी निकट भविष्य में होने वाले सैन्य अभ्यास में भाग लेने के लिए कुछ सैनिकों को रूस भेजेगी। उसमें कहा गया है कि भारत, बेलारूस, ताजिकिस्तान, मंगोलिया और अन्य देश भी अभ्यास में हिस्सा लेंगे।

रूस में वोस्तोक-2022 सैन्य अभ्यास में भारतीय सैनिकों की भागीदारी पर भारतीय सेना या रक्षा मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गई है। पिछले साल, भारत ने रूस में जेडएपीएडी 2021 अभ्यास में शिरकत की थी, जिसमें चीन और पाकिस्तान सहित 17 देशों ने भाग लिया था। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने बताया कि वोस्तोक-2022 अभ्यास 30 अगस्त से पांच सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने पहले कहा था कि अभ्यास में हिस्सा लेने वाले बल पूर्वी क्षेत्र में सैन्य सुरक्षा बनाए रखने के उपायों का अभ्यास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *