यमुनोत्री धाम में फंसे 12 हजार यात्री
उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम की यात्रा हाईवे ठप होने की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। रानाचट्टी के पास हाईवे के 12 मीटर हिस्से में हुए भूधंसाव के कारण यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना पिछले 3 दिनों से करना पड़ रहा है। हाईवे के दोनों ओर तकरीबन 12 हजार यात्री फंसे हुए हैं मार्ग खुलने का इंतजार करते हुए अब सब्र खो चुके हैं। ये यात्री यमुनोत्री प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर चुके हैं जबकि प्रशासन और इंजीनियरों का दावा है कि कुछ ही घंटों की बात और रह गई है।
हजारों यात्री जब मार्ग पूरी तरह खुलने का इंतजार कर रहे हैं, तब यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल और नेशनल हाईवे लोक निर्माण के अधिशासी इंजीनियर ने दावा किया है कि चंद घंटों के भीतर इस रास्ते को बड़े वाहनों के लिए खोला जा सकता है। ईई ने कहा चूंकि कई छोटे वाहनों को यहां से निकाला जा रहा था इसलिए रास्ते पर काम देर से शुरू हो सका, लेकिन शनिवार 21 मई की दोपहर बाद इसे पूरी तरह सुचारू किया जा सकता है। यही दावा ईई के साथ डोभाल भी कैमरे पर करते दिखे।