Monday, April 29, 2024
दिल्ली

तिहाड़ जेल में कैदियों में हिंसक झड़प, 15 कैदी जख्मी

नई दिल्ली। देश की अति सुरक्षित कही जाने वाली दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक बार फिर से कैदियों में हिंसक झड़प हुई है। तिहाड़ जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में करीब 15 कैदी घायल हुए हैं। इनमें से कुछ का इलाज अब भी चल रहा है। सूत्रों की मानें तो जेल में कैदियों के बीच वर्चस्व की जंग में यह वारदात हुई है।
तिहाड़ प्रशासन के मुताबिक, तिहाड़ जेल में कैदियों के हिंसक झड़प की यह वारदात 2 दिन पहले की है, जिसमें जेल नंबर 8 और 9 में बंद कैदियों के बीच झड़प हुई थी और इस घटना में 15 कैदी घायल हुए थे। तिहाड़ प्रशासन ने कहा कि कुछ कैदियों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। बाकी घायल कैदियों का जेल में ही इलाज चल रहा है। इस पूरे घटनाक्रम का जेल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। यह पहला मामला नहीं है, जब तिहाड़ जेल में कैदियों के बीच झड़प हुई है। इससे पहले फरवरी में भी तिहाड़ जेल में कैदियों के दो गुटों में झड़प हुई थी और इस घटना में सहायक जेल अधीक्षक और वार्डर भी घायल हुए थे। उस झड़प में चार कैदियों को गंभीर चोटें आई थीं। यह घटना जेल नंबर 4 की थी। कैदियों के बीच जारी झगड़े में बीच-बचाव करने की कोशिश में सहायक जेल अधीक्षक घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *