Saturday, May 18, 2024
उत्तराखंड

भाजपा शासन काल में विकास योजनाएं हुई ठप: प्रीतम सिंह

विकासनगर।

चकराता विधान सभा दौरे पर आए नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। कालसी ब्लॉक के दिलोऊ गांव में सोमवार को ग्रामीणों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के गठन के बाद चकराता विधान सभा में अधिकांश विकास कार्य विधायक निधि से हुए हैं। सरकार ने कांग्रेस शासन काल में शुरू की गई कई योजनाओं को भी ठप कर दिया है, जिससे क्षेत्र का विकास प्रभावित हुआ है। कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का गठन होते ठप पड़ी सभी विकास योजनाओं को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास सिर्फ देहरादून तक ही सीमित रहा है। पिछले पांच साल में गांवों में विकास की किरण नहीं पहुंची है। भाजपा ने सिर्फ महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ाने का काम किया है। आम आदमी की रसोई से दाल, सब्जी, सरसों का तेल गायब हो गया है। बेरोजगारी से प्रदेश के युवा परेशान हो चुके हैं। युवा सरकार से रोजगार मांगते हैं तो उन्हें पुलिस की लाठियां खानी पड़ती हैं। पूरे प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। माफिया के साथ साठ गांठ कर भाजपा सरकार ने प्रदेश की जमीन को बेचने की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि जनता को सभी समस्याओं से निजात प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर ही मिलेगी। नेता प्रतिपक्ष ने चकराता के मंगटाड़ गांव में भी ग्रामीणों से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनी।इस दौरान दस परिवारों के कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *