Monday, May 20, 2024
उत्तराखंडट्रैंडिंग न्यूज़प्रदेश की खबरें

108 के पूर्व कर्मियों ने किया सचिवालय कूच, पुलिस ने रोका

देहरादून – नई कंपनी को काम मिलने से बेरोजगार हुये 108 के पूर्व 717 कर्मियों ने उन्हें उसी स्थान पर उसी मानदेय में उसी पद पर समायोजित करने की एक सूत्रीय मांग को लेकर निरंतर 29 दिनों के धरने के बाद मंगलवार दोपहर को सचिवालय कूच किया। पुलिस-प्रशासन ने कूच करने वालों को कनक चौक पर भारी बेरिकेटिंग कर रोक लिया। जहां पर कूच करने वाले 108 कर्मियों व पुलिस के बीच कुछ देर नोक-झोंक भी हुई। नोक-झोंक के बाद प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुये कनक चौक जाने वाली सडक़ पर 108 कर्मी बैठ गये। शाम 7 बजे मुख्य सचिव से वार्ता के बाद ठोस निर्णय होने तक वहीं पर बैठे रहने का निर्णय लिया। 108 के पूर्व कर्मियों को 30 अप्रैल को काम से हटा दिया गया था। क्योंकि 108 सेवा के संचालन का काम टेंडर प्रक्रिया के तहत नई कंपनी कैंप को दे दिया गया। जिसके बाद से बेरोजगार हुये 717 कर्मी सडक़ों पर आने के बाद उसी दिन से आंदोलरत हो गये। परेड ग्राउंड में बीते 29 दिनों से लगातार धरना दे रहे हैं। उनकी मांगों पर सरकार व शासन चिरनिद्रा में होने के चलते आचार संहिता हटने के बाद इन्होंने सचिवालय कूच का निर्णय लिया। मंगलवार दोपहर को भारी संख्या में इन कर्मियों ने सचिवालय कूच किया। तो कूच करने वाले जत्थे को कनक चौक में प्रवेश करने वे पहले ही रोक दिया गया।
सचिवालय की ओर आगे बढऩे की जबरस्ती करने पर पुलिस के साथ 108 कर्मियों की नोक-झोंक भी हुई। जिस पर 108 कर्मी सडक़ पर बैठ गये। समर्थन में आये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, लाल चंद शर्मा, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, पूर्व विधायक राजकुमार, भाजपा नेता रविद्र जुगरान, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, दौलत सिंह कुंवर, सुशील विरमानी, प्रेम सिंह, बलवेंद्र सिंह नेगी, प्रेम सिंह, आशा फसिलेटरर संघ की रेनू नेगी, भारतीय मजदूर संघ भी सचिवालय कूच में साथ ही रहे। इन्होंने भी मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट कमलेश मेहता व पुलिस दल के साथ तैनात एसपी सिटी श्वेता चौबे और सीओ सिटी शेखर चंद सुयाल से कर्मचारियों की जायज मांग को लेकर उन्हें आगे बढऩे देने की बात रखी। जिसके बाद शासन में उच्चाधिकारयों से बात हुई। मुख्य सचिव ने शाम सात बजे 108 के प्रतिनिधि मंडल को मिलने का समय दिया। तब तक इन कर्मियों ने मौके पर बैठे रहने का निर्णय लिया। खबर लिखे जाने तक 108 कर्मी कनक चौक के पास सडक़ पर ही जमे थे। उत्तराखंड 108 एवं केकेएस फील्ड कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा व सचिव विपिन चंद्र जमलोकी ने कहा कि जब तक मुख्य सचिव उनकी मांग को मान नहीं लेते उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *