नागेश्वर महादेव करते हैं श्रद्धालु भक्तों का कल्याण : राजमाता आशा भारती
हरिद्वार
भूपतवाला स्थित निराला धाम में श्रावण मास में चल रहे अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए निराला धाम की अध्यक्ष राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भगवान शिव की सच्चे मन से आराधना करने वाले भक्त के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं तथा शिव कृपा से सुख समृद्धि व वैभव की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु भक्तों को शिव आराधना का महत्व समझाते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होने वाले महादेव शिव की आराधना व पूजा अर्चना कभी निष्फल नहीं जाती। सभी को भगवान शिव की आराधना अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावन में प्रतिवर्ष नागेश्वर महादेव गद्दी पर शिव पूजन का विशेष आयोजन किया जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होते हैं। देवों के महादेव भगवान शिव भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित फल प्रदान करते हैं। अपनी शरण में आए हुए प्रत्येक श्रद्धालु भक्त का भगवान शिव अवश्य ही कल्याण करते हैं। जो श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की शरण में आ जाता है। उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है। ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा द्वारा प्रारम्भ की गयी शिव आराधना समस्त विश्व को आशीर्वाद प्रदान करती है।