Monday, May 6, 2024
उत्तर प्रदेश

गांव-गांव घर-घर दस्तक देंगे कार्यकर्ता व पदाधिकारी, करेंगे सहभोज

 

मथुरा

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने जिले में तीन दिवसीय जय भारत महासंपर्क अभियान चलाकर लोगों को पार्टी से जोड़ने की रूपरेखा तैयार की है।

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के निर्देशन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए पूर्व सीएलपी लीडर प्रदीप माथुर ने बताया कि 19 अगस्त को पहले दिन सुबह 8 बजे से 2 बजे तक पदाधिकारी व कार्यकर्ता गांव-गांव घर-घर हर दरवाजे पर जाकर अपना परिचय देकर लोगों को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराएंगे। दोपहर दो बजे से तीन बजे तक चिन्हित परिवार में स्नेह भोज और विश्राम किया जाएगा। शाम तीन बजे से पांच बजे तक मेरा गांव मेरा देश संवाद के अंतर्गत सार्वजनिक स्थल, बाग, गाँव की चौपाल आदि में खेती किसानी और गांव समाज की चर्चा और समस्याओं को कार्यकर्ता नोट करके उनके समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे से छह बजे तक प्रधान और बीडीसी से मुलाकात करने के बाद शाम सात से आठ बजे के मध्य फेसबुक पर लाइव होकर दिन भर के अनुभवों व गांव की प्रमुख समस्याओं पर बातचीत की जाएगी। इसके बाद रात्रि विश्राम होगा। जिलाध्यक्ष चौ. भगवान सिंह वर्मा ने बताया कि दूसरे दिन 20 अगस्त को प्रातः सात बजे से नौ बजे तक स्कूल, पंचायत भवन व धार्मिक स्थल पर प्रभात फेरी और श्रम दान किया जाएगा। प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक राजीव गांधी सम्मान समारोह के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानी परिवारों सैनिक परिवार, सफाईकर्मी, रसोईया, आशा बहू, शिक्षा मित्र आदि को घर-घर जाकर स्मृति चिन्ह एवं पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद संविधान शपथ होगी। दोपहर 12 बजे से दो बजे तक चिन्हित परिवार में भोजन और विश्राम करने के बाद दो बजे से शाम चार बजे तक मेरा गांव मेरा देश संवाद के अंतर्गत खेती किसानी और गांव समाज की चर्चा और समस्याओं को जानने का प्रयास कार्यकर्ता करेंगे। शाम चार बजे से छह बजे तक गांव के अन्य प्रभावशाली लोगों से मुलाकात करने के बाद पदाधिकारी व कार्यकर्ता शाम सात से आठ बजे तक फेसबुक पर लाइव होकर दिन भर के अनुभवों व गांव की प्रमुख समस्याओं को जनता के साथ साझा करेंगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा अब सत्ता में आने वाली नहीं है, इसी के लिए लोगों को जागरूक कर उन्हें कांग्रेस से जोड़कर पार्टी को मजबूती प्रदान की जाएगी। इसके बाद रात्रि विश्राम होगा। जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा बताया कि तीसरे दिन 21 अगस्त को प्रातः सात बजे से नौ बजे तक स्कूल, पंचायत भवन व धार्मिक स्थल पर प्रभात फेरी व श्रम दान का आयोजन होगा। इसके बाद गांवों के नौजवानों से संवाद स्थापित करने के बाद भोजन और विश्राम होगा। वरिष्ठ नेता भोला यादव ने बताया कि इसके बाद के सभी कार्यक्रम दूसरे दिन की तरह ही संचालित किए जाएंगे। अंत में पदाधिकारी व कार्यकर्ता गांव से विदा लेंगे। पत्रकार वार्ता में दिनेश जैन, रामभरोसी चौधरी, राहुल अरोड़ा, युवा जिलाध्यक्ष प्रवीन चौधरी, ठा. प्रियपाल सिंह, आदर्श शर्मा, ठा. भगवान सिंह, शैलेन्द्र चौधरी, चौधरी मोहन सिंह, सैयद उमम अली, नगर अध्यक्ष बलदेव संजय शर्मा, सतीश शर्मा, अजय कुमार, अरुण गौतम बंटी, चौधरी चकलेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *