Monday, April 29, 2024
उत्तराखंड

शीशमबाड़ा प्लांट के विरोध में आंदोलन का बिगुल फूंका

विकासनगर
शीशमबाड़ा वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में पछुवादून क्षेत्र की जनता एक बार फिर लामबंद होने लगी है। व्यापार मंडल सेलाकुई व पछुवादून संयुक्त समिति ने प्लांट को हटाने की मांग को लेकर प्लांट परिसर के बाहर एक दिन का उपवास रखकर आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। दोनों संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी कि अब तक कोरोना महामारी के चलते लोग भले ही अपने घरों में कैद रहे। लेकिन अब तत्काल प्रभाव से प्लांट को नहीं हटाया जाता है तो क्षेत्र की जनता व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी। गुरुवार को पछुवादून संयुक्त समिति व व्यापार मंडल सेलाकुई के संयुक्त तत्वाधान में सुबह नौ बजे बड़ी संख्या में लोगों ने शीशमबाड़ा प्लांट के बाहर एकत्रित होकर आंदोलन का बिगुल फूंका है। ग्रामीणों ने प्लांट हटाने की मांग को लेकर सुबह नौ बजे से लेकर शाम छह बजे तक उपवास रखा। कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए एक दिन के उपवास पर बैठे लोगों ने कहा कि शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के निर्माण शुरू होने से लेकर अब तक लगातार क्षेत्र की जनता प्लांट का विरोध करती रही। लोगों को जेल तक जाना पड़ा तब सरकार, नगर निगम प्रशासन ने प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। लेकिन कोरोना महामारी शुरू होने के बाद आंदोलन लोगों को स्थगित करना पड़ा। कहा कि महामारी की आड़ में सरकार भी अपना आश्वासन भूल गयी। कहा कि शीमबाड़ा प्लांट पछुवादून की जनता के लिए अभिशाप बनकर रह गया। कहा कि प्लांट के निर्माण के दौरान से लेकर अब तक अनेक अनियमिततायें पायी गयी हैं। बड़े पैमाने पर मानकों का पालन नहीं किया गया। जिससे वातावरण दूषित हो रहा है। क्षेत्र में महामारी फैलने का भय पैदा हो गया है।लोग दुर्गंध के मारे न तो घरों में रह पा रहे हैं और न हीं घरों के बाहर निकल पा रहे हैं। ऐसे में तत्काल प्लांट को हटाया जाना आवश्यक है। प्लांट न हटने पर जनता को व्यापक स्तर पर आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। उपवास पर बैठने वालों में एसोसिएशन व व्यापार मंडल के अध्यक्ष अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़, उपाध्यक्ष राजकुमार सहगल, सचिव राज गंगसारी, महामंत्री विनोद अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, अरुण कुमार, विनय बंसल, राजेंद्र चौहान, राय सिंह, जितेंद्र गुप्ता, अशोक महावर, सीएम जोशी, दिनेश राणा, हसीमतुल्ला, बीरेंद्र प्रसाद, उमा पंवार, रेखा देवी, विनीता रावत, रविदास, विनोद कश्यप, अशोक, सुमन भट्ट, सुमिता भट्ट, योगेश महावर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *