केंद्रीय नौकरशाही में बड़ा फेरबदल, 18 अधिकारी इधर से उधर हुए, 5 को प्रोन्नति
नई दिल्ली…….
केंद्र सरकार ने कई दिनों से चल रही चर्चा पर विराम लगाते हुए केंद्रीय नौकरशाही में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। सरकार ने कुल 18 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नए फेरबदल में उत्तर प्रदेश से भी आलोक टंडन और आलोक कुमार-1 को केंद्र में बुलाया है। उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास आयुक्त के साथ नोएडा अथॉरिटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभाल रहे यूपी कैडर के 1986 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक टंडन को केंद्रीय खनन सचिव बनाया गया है, जबकि 1986 बैच के आलोक कुमार-1 को ऊर्जा सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, ऊर्जा सचिव बनाए गए आलोक कुमार संजीव नंदन सहाय की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मध्यप्रदेश कैडर के दीपक खांडेकर को केंद्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग का नया सचिव बनाया गया है। 1985 बैच के दीपक अब तक जनजाति कल्याण विभाग के सचिव थे। ओडिशा कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी उपेंद्र प्रसाद सिंह को वस्त्र मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया है। वे अब तक जल शक्ति मंत्रालय, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में सचिव थे।