Saturday, May 18, 2024
ट्रैंडिंग न्यूज़दिल्ली

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी, दिल्ली में कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट

नई दिल्ली ——-

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में वर्षा के साथ-साथ बर्फबारी का दौर जारी है। दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने घने कोहरे की आशंका को देखेते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश और यूपी जैसे मैदानी इलाकों में हल्की बारिश से ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में रविवार को स्मॉग के कारण कुछ हिस्सों में दृश्यता में कमी देखी गई है। गीता कॉलोनी, लक्ष्मी नगर और आईटीओ क्षेत्रों में काफी घना कोहरा है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 13 और 14 दिसंबर के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इसके बाद भी 15 दिसंबर को घना कोहरा देखने को मिलेगा। 15 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान अब 23 से 24 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी आने वाले दिनों में 8 से 10 डिग्री के बीच बना रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे चला गया। हालांकि, बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई और यह सामान्य से छह डिग्री ज्यादा 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में शनिवार को कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। साथ ही कई जगहों पर हल्का और कहीं घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद में 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान बांदा में नौ डिग्री सेल्सियस और कानपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते पिछले 24 घंटे में राजस्‍थान के अनेक इलाकों में हल्‍की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन अनेक जिलों में कोहरा छाये रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

मौसम केंद्र जयपुर ने शनिवार को कहा कि बीते 24 घंटे में राज्‍य में कई स्थानों पर हल्‍की बारिश हुई है। बांसवाड़ा, कोटा, सीकर, झुंझुनू, गंगानगर, हनुमानगढ़ व जोधपुर में अनेक जगह पर बूंदाबांदी दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश में हुई ताजा बर्फबारी के बाद राज्य में भी शीत लहर की स्थिति बन रही है। कोठी और गोंडला में 30-30 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, इसके बाद केलोंग में 12 सेंटीमीटर, मनाली में 12 सेंटीमीटर, कल्पा में 7.5 और डलहौजी में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

उत्तराखंड में शनिवार को ऊंचाई पर स्थित टिहरी और चमोली जिले में ताजा बर्फबारी हुई और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई जिससे राज्य में ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने कहा कि जिले में बर्फबारी और बारिश के कारण ठंड बढ़ गई तथा न्यू टिहरी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अरब सागर में बनी चक्रवाती स्थिति के कारण मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *