Sunday, May 19, 2024
ट्रैंडिंग न्यूज़देश

दिवाली से पहले सुलझ सकता चीन से विवाद

बीजिंग —-

भारत और चीन के बीच चल रहा सीमा विवाद दिवाली से पहले सुलझ सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन में लद्दाख के विवाद वाली जगहों से सेनाएं हटाने यानी डिस्इंगेजमेंट को लेकर सहमति बन गई है। इसके तहत दोनों देशों के सैनिक अप्रैल-मई वाली अपनी पुरानी यथास्थिति पर लौट जाएंगे। इस पर 6 नवंबर को चुशुल में कॉर्प्स-कमांडर लेवल की आठवें चरण की बातचीत में चर्चा हुई थी। हालांकि, इस मामले पर अभी तक भारत सरकार या भारतीय सेना की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। चीन की तरफ से भी कोई स्टेटमेंट नहीं आया है।
दरअसल, लद्दाख के चुशूल में 6 नवंबर को भारत-चीन की सेनाओं के बीच आठवें राउंड की बात हुई थी। इसमें तीन फेज के प्लान पर दोनों देशों ने सहमति जताई थी। पहले फेज में पैंगोंग झील इलाके को पहले हफ्ते में खाली किया जाएगा। टैंक और सैनिकों को वापस भेजा जाएगा। दूसरे फेज में दोनों सेनाएं पैंगोंग इलाके के पास से हर रोज अपने 30 फीसदी सैनिकों को हटाएंगी। ये प्रक्रिया तीन दिनों तक जारी रहेगी। इस दौरान चीनी सेना फिंगर 8 के पास वापस लौटेगी, तो वहीं भारतीय सेना अपनी धान सिंह थापा पोस्ट पर आएगी। वहीं, तीसरे फेज में भारत और चीन की सेनाएं पैंगोंग झील इलाके के साउथ क्षेत्र से अपनी सैनिकों को हटाएंगी। इसके साथ ही चुशूल, रेजांग ला की जिन पहाड़ियों पर तनाव के वक्त कब्जा किया गया था, उन्हें भी खाली किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *