Saturday, May 18, 2024
ट्रैंडिंग न्यूज़दिल्ली

योगी के शासनकाल में यूपी में अन्याय का बोलबाला — प्रियंका

नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के हाथरस में दलित युवती से गैंगरेप के मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है। हादसे के 15 दिन बाद बीते मंगलवार को पीड़िता ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पीड़िता की मौत के बाद उनका शव परिजनों को देने के बजाय उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के शव को परिजनों को सौंपने की जगह आधी रात को खुद ही अंतिम संस्कार कर दिया। इस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस पर निशाना साधा है।
प्रियंका गांधी ने यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में न्याय नहीं अन्याय का बोलबाला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया- रात को 2.30 बजे परिजन गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन हाथरस की पीड़िता के शरीर को यूपी प्रशासन ने जबरन जला दिया। जब वह जीवित थी, तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया। पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार भी छीन लिया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मामले में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग की है। प्रियंका ने ट्वीट किया- घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं, बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर अत्याचार किया गया। योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दीजिए। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है। उल्लेखनीय है कि हाथरस पीड़िता के लिए न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी राजनीतिक दलों ने दिल्ली में धरना प्रदर्शन किया। रेप पीड़िता के पिता भी अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *