Friday, April 19, 2024
उत्तर प्रदेश

व्यापारी की हत्या पर संवेदना जताते डीएम व एसपी

प्रतापगढ़
महेशगंज थाना के पूरे हरिकेश गांव मे व्यापारी अश्विनी कुमार शुक्ला की सोमवार को हुई हत्या को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों तथा राजापुर बाजार के व्यापारियों मे गहरा आक्रोश देखा गया। वहीं कुण्डा के अधिवक्ता महेश शुक्ल के भाई होने के नाते भी अश्विनी की जघन्य हत्या को लेकर वकीलों मे भी गुस्सा पनप उठा। इधर आईएएस राकेश शुक्ला के भाई की हत्या के बाद मंगलवार की सुबह प्रशासन को जैसे ही जानकारी हुई कि परिजनों ने आर्थिक सहायता समेत कई मांगो को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। जानकारी होते ही पुलिस व प्रशासन के हाथ पांव फूल गये। सुबह से दोपहर तक अफसरों का घरवालों के साथ ग्रामीणों को मनाने का प्रयास तब जाकर सफल हुआ जब परिजनों की जिद को देख जिले के डीएम व एसपी स्वयं मृतक अश्विनी के घर पहुंचे। जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल तथा एसपी सतपाल अंतिल ने घटना को दुखद ठहराते हुए परिजनो को हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। मृतक की पत्नी प्रमिला देवी ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपते हुए परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं प्रमिला ने सरकार से आर्थिक सहायता तथा परिवार मे शस्त्र लाइसेंस व एक सदस्य को नौकरी के साथ मुकदमें की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट मे कराए जाने की भी मांग उठाई है। बतादें मृतक अश्विनी के पीछे पुत्र आशीष कुमार 14, अभिषेक 20 तथा पुत्री प्रगति 22 निराश्रित हो उठे है। डीएम डा. नितिन बंसल ने परिजनों की बात सुनने के बाद मांगो को लेकर शासन को संस्तुति किये जाने का भरोसा दिलाया। वहीं डीएम नितिन तथा एसपी सतपाल जब मृतक की पत्नी प्रमिला से मिलने स्वयं पहुंचे तो वहां माहौल बेहद भावुक हो उठा। इधर मंगलवार की सुबह ही मृतक अश्विनी के घर हजारों लोगों का जमावड़ा हो उठा। जानकारी होने पर जिले के एएसपी पश्चिमी रोहित मिश्र, सीओ पवन त्रिवेदी तथा एसओ आशुतोष त्रिपाठी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। एसडीएम कुण्डा सतीशचंद्र त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। लोगों मे घटना को लेकर आक्रोश बढ़ा नजर आने पर प्रशासन की घिघ्घी बंध आयी। इधर बाबागंज विधायक विनोद सरोज, ऑल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी के मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, बाबागंज ब्लाक प्रमुख हितेश सिंह पंकज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव, प्रबुद्ध सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप मिश्र, लालगंज संयुक्त अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, कुण्डा के अधिवक्ता अरविंद त्रिपाठी पंकज, दिल्ली हाईकोर्ट के अधिवक्ता धीरज शुक्ला, अधिवक्ता सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, अधिवक्ता आनंद त्रिपाठी, कुण्डा बार के अध्यक्ष शीतला प्रसाद यादव, श्याम नारायण शुक्ल, वैभव पाण्डेय, शोभनाथ मिश्र, विजय तिवारी भी अश्विनी के घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना पर दुख जताया। इधर मृतक के घर बड़ी संख्या मे महिलाओं का भी रूदन व विलाप देख लोगों की आंखे भर आयीं दिखी। राजापुर बाजार से भी बड़ी संख्या मे व्यापारियों का समूह मृतक अश्विनी के घर आक्रोशित जमा देखा गया। वहीं मृतक अश्विनी के भाई तथा समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव राकेश शुक्ल को भी लोग ढांढस बंधाते दिखे। करीब बारह बजे डीएम व एसपी के आने के बाद मृतक के परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार हुये। तब कहीं जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *