Thursday, April 25, 2024
उत्तराखंड

बिल्केश्वर कालोनी में हाथी आने से दहशत

 

हरिद्वार

देर रात बिलकेश्वर कॉलोनी में जंगली हाथी आने से दहशत फैल गई। हाथी के कॉलोनी में टहलने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जंगल से सटी होने के कारण बिल्केश्वर कॉलोनी में जंगली जानवर आते रहते हैं। देर रात कॉलोनी में हाथी की चहलकदमी से कालोनीवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की टीम लगातार गश्त पर रहती है। उसके बावजूद दीवार फांद कर हाथी आसानी से कॉलोनी में प्रवेश कर रहा है। इससे पहले भी कई बार हाथी कॉलोनी में आकर उत्पात मचा चुका है। बीते साल जंगल से कालोनी में आए हाथी ने कई गाडिय़ां और दीवार को नुकसान पहुंचाया था। दरअसल हरिद्वार का अधिकतर क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व और वन विभाग से सटा है। इसी के चलते अकसर जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में चले आते है। ताज़ा मामला राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटी पॉश कॉलोनी बिलकेश्वर का है। मंगलवार देर रात पार्क से निकल कर एक गजराज कॉलोनी में गया। रातभर हाथी कॉलोनी में घूमता रहा। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हाथी बड़े आराम से कॉलोनी में चहलकदमी कर रहा है। गनीमत यह रही कि हाथी ने तोडफ़ोड़ नहीं की और सैर सपाटा कर कुछ घंटों में हाथी कॉलोनी से चला गया। स्थानीय निवासी शिखर पालीवाल ने बताया कि हाथी अक्सर कॉलोनी में आ रहा है। मंगलवार की रात भी हाथी कॉलोनी में आया और चला गया। इसकी सूचना राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क प्रशासन को दी गयी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *