सिविल अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर मरीजों के लिए खुला
रुडकी
रुडक़ी सिविल अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर करीब दो महीने के लम्बे अंतराल के बाद मरीजों के लिए आज से खोल दिया जाएगा। कोरोना संक्रमण के दौर के चलते 24 अप्रैल से अस्पताल मरीजों के लिए बंद हो गया था। रुडक़ी में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद सिविल अस्पताल में कोविड मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया था। जिसके चलते 24 अप्रैल को सिविल अस्पताल में सामान्य बीमारी वाले मरीजों का इलाज बंद कर दिया था। जिसके साथ साथ ऑपरेशन भी सिविल अस्पताल में बंद कर दिए गए थे। लेकिन धीरे-धीरे कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आने पर कोविड वार्ड बंद हो गया। जिसके बाद सिविल अस्पताल प्रबंधन ने एक जून से ओपीडी को शुरू कर दिया था। लेकिन ओपीडी शुरु होने के बाद भी सिविल अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर मरीजों के लिए नहीं खोला था। लेकिन करीब दो महीने के बाद आज से सिविल अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर को भी खोल दिया गया है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि ऑपरेशन थियेटर में निर्माण कार्य चल रहा था। जो कि अब पूरा हो चुका है। इसलिए अब ऑपरेशन थियेटर को भी मरीजों के लिए खोल दिया गया है।