Thursday, April 25, 2024
ट्रैंडिंग न्यूज़दिल्ली

कंपकंपाती ठंड में किसानों की भूख हड़ताल. सरकार ने फिर भेजा बातचीत का न्योता

नई दिल्ली —

कृषि कानूनों के खिलाफ अपने आंदोलन को तेज करते हुए किसानों ने भूख हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। एक ओर जहां मोदी सरकार कृषि कानूनों को देश के किसानों के हित में बता रही है, वहीं किसान संगठन इसे अहित बता रहे हैं। कंपकंपाती ठंड में भी बीते 25 दिनों से पंजाब-हरियाणा समेत देश के कई हिस्सों से आए हजारों किसान दिल्ली और उसके आसपास की सीमाओं पर डटे हैं। किसान संगठनों ने  घोषणा की कि वे यहां सभी प्रदर्शन स्थलों पर आज यानी सोमवार को एक दिन की भूख हड़ताल करेंगे और 25 से 27 दिसंबर तक हरियाणा में सभी राजमार्गों पर टोल वसूली नहीं करने देंगे। वहीं, किसानों के इस ऐलान को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक बार फिर किसानों को बातचीत का न्योता भेजा है और किसान यूनियनों से तारीख तय करने को कहा है। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव विवेक अग्रवाल ने इस संदर्भ में किसानों के संगठनों को एक पत्र लिखा है। गौरतलब है कि किसानों से वार्ता के लिए केंद्र सरकार ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंत्रिस्तरीय एक समिति गठित की थी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और सोमप्रकाश इसके सदस्य हैं। सरकार से किसानों की अब तक पांच दौर की वार्ता हो चुकी है जो विफल रही है। किसानों के संगठनों की एक बार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी बैठक हो चुकी है, लेकिन उसका नतीजा भी शून्य रहा है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू एवं कश्मीर सहित उत्तर भारत रविवार को भी कड़ाके की सर्दी से जूझता रहा। राजस्थान के माउंट आबू में रविवार रात न्यूनतम तापमान -1.5 डिग्री पहुंच गया। हिमाचल प्रदेश में केलांग सबसे सर्द बना रहा, जहां न्यूनतम तापमान -11 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि कश्मीर में 40 दिन का ‘चिल्लई कलां’ सोमवार से शुरू हो रहा है, जिस दौरान जबर्दस्त सर्दी पड़ती है। यूपी के कानपुर शहर की रात लंदन, नैनीताल, दार्जिलिंग और देहरादून से भी ज्यादा ठंडी है। यहां रविवार को न्यूनतम तापमान लगातार गिरते हुए 4.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि बर्फबारी वाले शहरों में गिने जाने वाले शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक चल रहा है। कानुपर में रविवार को अधिकतम तापमान 20.6 तो न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5.6 था। पिछले 72 घंटे में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की कमी आई है। लंदन में पारा 6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग वेधशाला में रविवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी की ओर से बताया गया कि बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण शहर में ठंड का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *